सिंगर सिद्धू मूस वाला मर्डर: रेस्टोरेंट का सीसीटीवी फुटेज जांच का हिस्सा

रविवार को मानसा में 28 साल के सिद्धू मूसे वाला की हत्या कर दी गई। उनकी गाड़ी पर 30 राउंड से ज़्यादा फ़ायरिंग की गई थी। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। 29 मई को सुबह 10:30 बजे एक रेस्टोरेंट की सीसीटीवी फुटेज में सात लोगों को खाना खाते देखा जा सकता है। सिद्धू मूसे वाला के पिता बलकौर सिंह ने अपनी शिकायत में कहा था कि उन्होंने सात से आठ लोगों को अपने बेटे की कार पर फायरिंग करते हुए देखा था। राज्य पुलिस की स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम अब इस फुटेज की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे वीडियोज़
इससे पहले सोशल मीडिया पर आए एक अन्य फुटेज में दो कारों को ‘हत्या’ के कुछ क्षण पहले ही सिद्धू मूसेवाला की कार का पीछा करते हुए देखा गया था। हालांकि राज्य पुलिस की ओर से इस वीडियो की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आठ से दस हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक छह संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। सिद्धूमूसे वाला उन 424 लोगों की सूची में था जिनकी सुरक्षा पंजाब पुलिस ने दो दिन पहले वापस ली थी।

हत्या का साजिशकर्ता है गोल्डी बरार
कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी बरार ने एक फेसबुक पोस्ट में सिद्धू मूसे वाला की हत्या की ज़िम्मेदारी ली है। गोल्डी बरार गैंग लीडर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है। दिल्ली यूनिवर्सिटी का पूर्व स्टूडेंट लीडर लॉरेंस बिश्नोई इस हत्या मामले में मुख्य संदिग्ध है और एक अन्य मामले में इस समय तिहाड़ जेल में है। पंजाब के मानसा में हुई इस हत्या के स्थल से जो बुलेट्स मिले हैं, उससे संकेत मिलते हैं कि घटना में रूसी असॉल्ट राइफल एन – 94 का इस्तेमाल किया गया। पुलिस को मौके से एक पिस्तौल भी मिली है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस बात की जांच के आदेश दिए हैं कि इस लोकप्रिय रैपर और सिंगर की सुरक्षा में आखिर क्यों कटौती की गई।